मोतीपुर चौक में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी, हादसों का खतरा बरकरार

अम्लेश्वर। पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मोतीपुर चौक में यातायात नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य बताते हुए दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिसका असर कई क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।
लेकिन मोतीपुर चौक ऐसा क्षेत्र बन गया है, जहां सड़क सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की जागरूकता नजर नहीं आ रही है। चौक पर दुकानदारों द्वारा सड़क पर ही बेंच-कुर्सी लगाकर चाय-नाश्ता परोसा जा रहा है। वहीं अन्य दुकानों पर खरीदारी करने आए लोग अपने मोटरसाइकिल सड़क पर ही खड़ी कर दे रहे हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।



विदित हो कि बीते वर्ष इसी मोतीपुर चौक पर एक बड़ी सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें मोटरसाइकिल सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया था और पूरे दिन चौक पर कर्फ्यू जैसी स्थिति बनी रही। हालात बेकाबू होने पर जिला प्रशासन को लाठीचार्ज तक करना पड़ा था।
इतनी गंभीर घटना के बावजूद भी मोतीपुर चौक के लोग सबक नहीं ले पा रहे हैं और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी जारी है। लोग सड़क को जाम कर अपने व्यक्तिगत कार्य साध रहे हैं, जबकि स्थानीय प्रशासन और जिला प्रशासन इस मामले में मौन साधे हुए प्रतीत हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि यह मार्ग अत्यधिक आवागमन वाला है। यह रायपुर-दुर्ग को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग होने के साथ-साथ कुम्हारी और पाटन को भी जोड़ता है। इस मार्ग से दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन होता रहता है। ऐसे में यदि समय रहते यातायात व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।



