जन्मदिवस पर भी जनसेवा में समर्पित रहीं जनपद अध्यक्ष – कीर्ति नायक

पाटन/भिलाई। जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने जन्मदिवस के अवसर को भी जनसेवा और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पित करते हुए अपने कर्तव्यों का संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया। व्यक्तिगत उत्सव के इस अवसर को उन्होंने समाज और श्रमिक वर्ग के हित में कार्य करने का माध्यम बनाया।


इसी क्रम में उन्होंने महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में जिला श्रम विभाग, दुर्ग द्वारा आयोजित श्रमिक सम्मेलन में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। यह सम्मेलन दुर्ग जिले के श्रमिक भाई-बहनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा नए श्रमिकों के पंजीयन के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनसे लाभान्वित हुए।
इस अवसर पर श्रीमती कीर्ति नायक ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिक समाज ही देश और प्रदेश की प्रगति की सशक्त नींव है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही विकास की धारा आगे बढ़ती है। शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि श्रमिकों का जीवन स्तर बेहतर हो सके और उनका भविष्य सुरक्षित बन सके।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र साहू तथा दुर्ग नगर निगम की महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने भी श्रीमती कीर्ति नायक को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि अपने जन्मदिवस जैसे व्यक्तिगत अवसर पर भी जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहकर उन्होंने एक जनप्रतिनिधि के रूप में अपने समर्पण, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, श्रमिक भाई-बहनों तथा श्रम विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।








