पंडित दीनदयाल योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, सचिव दीपक यादव के परिवार पर रिपोर्ट दर्ज
पाटन। पंडित दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत वर्ष 2023 से अब तक पोर्टल आईडी चोरी कर दुर्ग जिले के पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में हेराफेरी कर राशि आहरण करने का मामला सामने आया है। इस मामले में धमधा जनपद पंचायत में पदस्थ सचिव दीपक यादव के परिवार के विभिन्न सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, योजना के हितग्राहियों के खातों में लगातार राशि नहीं पहुंचने की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जागेंद्र साहू ने जांच प्रारंभ कराई। उनकी तत्परता और पहल के चलते कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ तथा आरोपी पकड़ा गया।



जांच में सामने आया कि पोर्टल आईडी का दुरुपयोग कर हितग्राहियों के खातों की जगह आरोपी एवं उसके परिवार के सदस्यों के बैंक खाते दर्ज किए गए थे, जिनमें योजना की राशि ट्रांसफर कर आहरित की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर द्वारा संबंधित सभी संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई है। साथ ही समय-सीमा बैठक में संबंधित अधिकारियों को उच्च स्तरीय जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।



