वर्षों से बंद पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों से ग्रामीण परेशान, सुशासन तिहार में भी समाधान नहीं, अम्लेश्वर मुख्य मार्ग का भी यही हाल

पाटन-अम्लेश्वर। पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाटन से झीट, मोतीपुर होते हुए अम्लेश्वर पहुंच मार्ग पर क्रेडा विभाग द्वारा लगाए गए सोलर पैनल स्ट्रीट लाइट वर्षों से बंद पड़ी हुई हैं। स्थिति यह है कि “सुशासन तिहार” के दौरान भी संबंधित विभाग इस मार्ग की स्ट्रीट लाइटों का संधारण कर उन्हें चालू कराने में असफल साबित हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाटन से मोतीपुर मार्ग की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभागीय अधिकारी भी मौन साधे हुए हैं। इसके चलते रात्रि के समय आवागमन करने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं अम्लेश्वर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में लगी कई स्ट्रीट लाइटें भी लंबे समय से बंद हैं, लेकिन कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्रेडा विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शासनकाल में क्रेडा विभाग द्वारा पाटन से मोतीपुर मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी, जिससे रात के समय यात्रियों को पर्याप्त रोशनी और सुविधा मिलती थी। लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद से आज तक इन स्ट्रीट लाइटों का न तो रखरखाव किया गया और न ही कोई देखरेख की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई खंभों से लाइटें और उपकरण भी गायब हो चुके हैं, लेकिन इस गंभीर समस्या पर न तो जनप्रतिनिधि ध्यान दे रहे हैं और न ही संबंधित विभाग कार्रवाई कर रहा है। “सुशासन तिहार” में भी समस्या का समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही







