ग्राम पंचायत तरीघाट में विशेष ग्राम सभा का आयोजन , 265 प्रधानमंत्री आवास योजना लाभार्थियों के नामों का वाचन
पाटन, 24 जून। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आज 24 जून को दुर्ग जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की सूची का सार्वजनिक वाचन कर ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
इसी क्रम में जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत तरीघाट में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना के 265 हितग्राहियों के नामों का वाचन सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योजना के लाभार्थियों की सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा ग्रामीणों को योजना संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
ग्राम सभा में गांव के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू, सरपंच प्रकाश गिरी गोस्वामी, सचिव ज्ञानचंद चक्रधारी सहित पंचगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
ग्राम सभा के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की सूची का अवलोकन किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







