परिक्षेत्र साहू संघ कुम्हारी के अध्यक्ष बने मुरारीलाल साव, पगड़ी बांधकर सौंपा गया दायित्व
कुम्हारी। नगर परिक्षेत्र साहू संघ कुम्हारी, तहसील अहिवारा, जिला दुर्ग की विशेष बैठक कर्मा भवन, कुम्हारी में सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में तहसील साहू संघ अहिवारा के अध्यक्ष ढालसिंह साहू के निर्देशानुसार पूर्व अध्यक्ष भुजबल साहू के इस्तीफे के पश्चात उपाध्यक्ष श्री मुरारीलाल साव को नगर परिक्षेत्र साहू संघ कुम्हारी का अध्यक्ष नियुक्त कर पदभार ग्रहण कराया गया।
गौरतलब है कि नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले परसदा, कुम्हारी, कुगदा एवं रामपुर की चारों इकाइयों को मिलाकर प्रदेश साहू संघ द्वारा परिक्षेत्र का दर्जा प्रदान किया गया है, जो तहसील साहू संघ अहिवारा के अधीन कार्यरत है।
बैठक की शुरुआत माँ कर्मा की आरती से हुई। तत्पश्चात समाज की परंपरा के अनुसार नवनियुक्त अध्यक्ष श्री मुरारीलाल साव को पगड़ी बांधकर सम्मानपूर्वक सियान का दायित्व सौंपा गया। इसके बाद प्रस्तावित विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बैठक की कार्यवाही सम्पन्न की गई।
अध्यक्षीय उद्बोधन में मुरारीलाल साव ने कहा कि समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर कर स्वस्थ एवं संगठित समाज के निर्माण की दिशा में सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि साहू समाज एकजुट समाज है, जो एक सूत्र एवं एक नियमावली में बंधा हुआ है। युवाओं एवं महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने तथा सभी इकाइयों की समस्याओं के समाधान एवं विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में जिला साहू संघ दुर्ग के किसान प्रकोष्ठ संयोजक रामनारायण साहू, तहसील साहू संघ अहिवारा के प्रतिनिधि अशोक साहू, संयोजक भुवन साहू (ऑडिटर), संगठन सचिव निखिल साहू, संतराम साहू, श्रीमती लीला साहू, श्रीमती जीतेश्वरी साहू, युवा प्रकोष्ठ संयोजक देवानंद साहू, गोढ़ी परिक्षेत्र अध्यक्ष भुनेश्वर साहू सहित परिक्षेत्र के डेहर सिंह गुरुजी, महिला उपाध्यक्ष श्रीमती पिंकी साहू, संगठन सचिव बी.एल. साहू, श्रीमती राजिम साहू, सचिव श्री सुनील साहू, ऑडिटर श्री संतोष साहू, कोषाध्यक्ष देवानंद साहू, देवनारायण साहू, रामू साहू एवं मणिलाल साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।







