अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर पालकों को किया गया जागरूक
रायपुर, 26 जून। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर संकल्प सांस्कृतिक समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के निर्देशन में संकल्प नशा मुक्ति केंद्र, शंकर नगर, रायपुर, स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटिंग एजेंसी, आउटरीच ड्रॉप-इन सेंटर तथा कम्युनिटी बेस्ड पीयर-लेड इंटरवेंशन के संयुक्त तत्वावधान में नया रायपुर स्थित क्रिस्टल इंडिया लर्निंग स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों के पालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पालकों को नशे से होने वाले दुष्परिणाम, बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि अधिकांश बच्चे अपने पिता अथवा परिवार के बड़े सदस्यों को नशा करते हुए देखकर उसी आदत की ओर आकर्षित हो जाते हैं। वर्तमान समय में बच्चे घर में दैनिक उपयोग की कुछ वस्तुओं का भी नशे के रूप में दुरुपयोग करने लगे हैं, जो उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है।



कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि नशे की लत के कारण कई बच्चे अपराध की दुनिया की ओर बढ़ रहे हैं तथा नशीले पदार्थ खरीदने के लिए चोरी जैसी घटनाओं में भी शामिल हो रहे हैं। पालकों से आग्रह किया गया कि वे अपने बच्चों को पर्याप्त समय दें, उनकी गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की आशंका होने पर तत्काल किसी नशा मुक्ति केंद्र से संपर्क कर विशेषज्ञों की सहायता लें।
इस अवसर पर पालकों को स्वयं भी नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। उन्हें बताया गया कि भले ही वर्तमान में नशे के दुष्प्रभाव स्पष्ट न दिखाई दें, लेकिन भविष्य में विशेषकर वृद्धावस्था में यह अनेक गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से महिलाओं ने नशा मुक्ति, बचाव एवं उपचार से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में संकल्प के सदस्यों एवं क्रिस्टल इंडिया लर्निंग स्कूल के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



