भव्यता के साथ मनाया गया सद्गुरु कबीर प्राकट्य महोत्सव, हलवा-पूरी के महाप्रसाद का हुआ वितरण

कुम्हारी, 30 जून। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसदा में 29 जून 2026 को SKDV मिशन एवं समस्त कबीर पंथ समाज के तत्वावधान में ‘सद्गुरु कबीर साहब प्राकट्य महोत्सव’ अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग जिला SKDV मिशन के अध्यक्ष मिलन साहब, पाटन तहसील प्रमुख जागृत साहब, महिला प्रमुख दिनेश्वरी साहब, प्रमुख सलाहकार तामेश्वर साहब, दीपक साहब एवं युवा प्रतिनिधि पुनेन्द्र कुमार कबीरपंथी सहित मिशन के पदाधिकारी, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में माताएं उपस्थित रहीं।
महोत्सव के दौरान वक्ताओं ने सद्गुरु कबीर साहेब के जीवन दर्शन, उनके संदेशों एवं मानव कल्याण के लिए दिए गए उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए समाज को उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तों को हलवा-पूरी के महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।
उक्त जानकारी युवा प्रतिनिधि पुनेन्द्र पंथ द्वारा मीडिया को प्रदान की गई।







