जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में जमराव के खिलाड़ियों का जलवा, सभी ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में बनाई जगह
जमराव, दुर्ग। जिला स्तरीय शालेय कुश्ती प्रतियोगिता में ग्राम जमराव के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, ग्राम, विकासखंड पाटन एवं जिला दुर्ग का नाम गौरवान्वित किया है। विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का परिचय देते हुए अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में 35 किलोग्राम भार वर्ग में लोकनाथ साहू तथा 52 किलोग्राम भार वर्ग में अनिल नन्हारे ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में 45 किलोग्राम भार वर्ग में तुषार साहू, 48 किलोग्राम भार वर्ग में अरुण निषाद तथा 52 किलोग्राम भार वर्ग में रौनक नन्हारे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इसी प्रकार अंडर-19 वर्ग के 57 किलोग्राम भार वर्ग में पुष्पेंद्र साहू ने भी प्रथम स्थान अर्जित कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उपरोक्त सभी खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तरीय शालेय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए किया गया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे ग्राम जमराव एवं विकासखंड पाटन के लिए गर्व का विषय है।
खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, खेल प्रशिक्षकों, पालकों एवं ग्रामवासियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ग्राम जमराव, विकासखंड पाटन तथा जिला दुर्ग का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे।







