पांच साल में एप्रोच पुल रोड भी हुई जर्जर, अमलेश्वर–कुम्हारी पुल निर्माण में देरी से बढ़ा जनाक्रोश

अम्लेश्वर, पाटन। अमलेश्वर नगर पालिका परिषद को नगर पालिका परिषद कुम्हारी से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण एप्रोच पुल रोड भी अब क्षतिग्रस्त होने लगी है। पहले से जर्जर मुख्य पुलिया का निर्माण वर्षों से अधूरा पड़ा है, वहीं आवागमन बनाए रखने के लिए बनाई गई वैकल्पिक एप्रोच रोड भी अब जवाब देने लगी है। इससे हजारों स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं व्यापारियों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार एप्रोच रोड पुलिया का निर्माण गुणवत्ता रहित रहा। लगभग पांच वर्षों तक भारी वाहनों का दबाव झेलने के बाद अब सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने लगी है। क्षेत्र में लगातार निर्माण कार्य होने के कारण रेत, मुरूम, गिट्टी, सीमेंट और सरिया से लदे भारी वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं, जिससे एप्रोच रोड पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।



नागरिकों का कहना है कि मुख्य पुलिया का निर्माण पिछले लगभग पांच वर्षों से अधूरा है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी यह कार्य पूरा नहीं हो सका। इसके बाद जुलाई 2023 में प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बावजूद वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में भी निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। लंबे समय से अधूरे पड़े इस निर्माण को लेकर लोगों में निराशा और नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते एप्रोच रोड की मरम्मत और मुख्य पुल का निर्माण पूरा नहीं किया गया तो आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाएगा। लोगों ने शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने, क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की तत्काल मरम्मत कराने तथा आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की है।



