सुपोषण चौपाल के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में अन्नप्राशन, गोदभराई एवं बालभोज का आयोजन

पाटन। महिला एवं बाल विकास विभाग पाटन के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में सुपोषण चौपाल अभियान के तहत अन्नप्राशन, गोदभराई एवं बालभोज कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत तरीघाट के आंगनबाड़ी केंद्रों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तरीघाट की सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों के हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अन्नप्राशन एवं गोदभराई की रस्में संपन्न कराई गईं तथा बच्चों को पौष्टिक भोजन भी कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती गीता सिन्हा, श्रीमती भारती साहू, श्रीमती अरुण साहू, श्रीमती शोभना सोनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का विशेष योगदान रहा।







