नशामुक्त युवा अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम 02 अगस्त को -कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
दुर्ग, 01 अगस्त 2026/ भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माई भारत के संयुक्त तत्वावधान में 02 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का राष्ट्रीय शुभारंभ किया जाना प्रस्तावित है। इस अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन रूंगटा डेंटल कॉलेज, सुपेला भिलाई में पूर्वाह्न 10.00 बजे से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा उपसंचालक, समाज कल्याण विभाग को संयुक्त रूप से नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्था हेतु विभिन्न अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। अपर कलेक्टर (प्रोटोकॉल) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी, छावनी को जनप्रतिनिधियों की समुचित बैठक व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी को मंच संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। उपसंचालक, समाज कल्याण विभाग एवं सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग को आमंत्रण कार्ड तैयार कराने, विशिष्ट जनप्रतिनिधियों एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों को कार्यक्रम में आहूत करने, दीप प्रज्ज्वलन, स्वागत कार्यक्रम तथा फ्लैक्स व स्टैंडी प्रिंटिंग कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयुक्त संचालक, जनसंपर्क को कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं मीडिया कवरेज का दायित्व दिया गया है। श्रीमती श्वेता चौबे डीआईओ, एनआईसी दुर्ग तथा सुश्री श्रुति अग्रवाल प्रभारी, चिप्स को कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का निर्बाध प्रसारण एवं टू-वे-कम्युनिकेशन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह कार्यपालन अभियंता, सीएसपीडीसीएल दुर्ग को कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत व्यवस्था हेतु तथा नोडल अधिकारी, माई भारत जिला दुर्ग को वॉलंटियर की उपस्थिति एवं बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के फोटोग्राफ एवं रूपरेखा को निर्धारित पोर्टल में अपलोड करने का दायित्व सौंपा गया है।






