कांकेर में दुर्ग का जलवा, सब जूनियर बालक वर्ग टीम बनी विजेता
दुर्ग। कांकेर में आयोजित 24वीं सब जूनियर बालक-बालिका एवं अस्मिता खेलो इंडिया भारोत्तोलन प्रतियोगिता में दुर्ग जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के सब जूनियर बालक वर्ग में दुर्ग जिले की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग में दुर्ग की वान्या राव ने बेस्ट लिफ्टर का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में दुर्ग जिले से 16 बालक एवं 16 बालिका खिलाड़ियों सहित कुल 32 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टीम के साथ कोच आदित्य सिन्हा एवं ललित साहू, मैनेजर पोषण लाल पटेल तथा ऑफिशियल के रूप में कोमल सोनी, सुमीत सिन्हा एवं टोमन साहू शामिल रहे। प्रतियोगिता में दुर्ग जिले के सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा।
दुर्ग जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष एवं दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, नगर निगम दुर्ग के अध्यक्ष अरविंद सिंह खुराना, संघ के उपाध्यक्ष ललित साहू, सचिव छबि राम विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कौशिक, पोखन लाल साहू, जयंत वर्मा, बालाराम साहू, संतोष यादव एवं पूनम चंद निषाद ने दुर्ग जिले के सभी खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल्स को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि दुर्ग जिले में भारोत्तोलन खेल के प्रति बढ़ती प्रतिभा और निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।







