पाटन विधानसभा क्षेत्र में आज गरमाएगा राजनीतिक माहौल, तीन बड़े कार्यक्रमों से बढ़ी हलचल
पाटन/अमलेश्वर, 02 अगस्त। पाटन विधानसभा क्षेत्र में आज राजनीतिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं, जिसकी चर्चा क्षेत्रभर में जोरों पर है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और स्थानीय नेताओं के कार्यक्रमों के चलते पूरे क्षेत्र में राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन एवं जामगांव (आर) की महत्वपूर्ण बैठक आज रेस्ट हाउस पाटन में आयोजित होगी। बैठक में युवा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चैतन्य बघेल, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर तथा कांग्रेस नेता आशीष वर्मा प्रमुख रूप से शामिल होंगे। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर के विरोध में जनपद पंचायत कार्यालय के सामने प्रदर्शन भी किया जाएगा।



इधर, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल के पाटन आगमन की भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के कार्यकर्ता अमलेश्वर से बाइक रैली निकालकर पाटन पहुंचेंगे। इसके बाद साहू सदन पाटन में पार्टी की बैठक आयोजित होगी।
वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव एवं भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव भी आज अमलेश्वर डीह पहुंचेंगे, जहां वे संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों में संजय यदु, उमेश कुमार साहू, सौरभ कामड़े और भोला वर्मा सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार मोतीपुर चौक से देवेंद्र यादव का जोशीला स्वागत किया जाएगा और वहां से ट्रैक्टर रैली के माध्यम से उन्हें अमलेश्वर डीह लाया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार तीनों प्रमुख नेताओं के कार्यक्रमों का समय लगभग एक-दूसरे के आसपास है, हालांकि करीब एक घंटे का अंतर हो सकता है। एक ही दिन में अलग-अलग राजनीतिक दलों और नेताओं की सक्रियता ने पाटन विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। क्षेत्र में दिनभर राजनीतिक गतिविधियों पर लोगों की नजर बनी रहेगी।


