मोतीपुर से अमलेश्वर तक कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली, देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

अमलेश्वर, 02 अगस्त। पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोतीपुर अमलेश्वर डीह में कांग्रेस पार्टी द्वारा रविवार को ट्रैक्टर रैली एवं बैठक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ओबीसी प्रकोष्ठ पाटन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय यदु, पूर्व नगर अध्यक्ष अमलेश्वर उमेश साहू, विधानसभा युवा कांग्रेस प्रत्याशी सौरभ कामड़े तथा भोला वर्मा ने किया।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर रैली मोतीपुर से अमलेश्वर तक निकाली गई, जिसके बाद अमलेश्वर में बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भिलाई नगर विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव रहे।



कार्यक्रम के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने हॉर्टिकल्चर कॉलेज के छात्रों द्वारा निकाली गई नशा मुक्ति जागरूकता रैली में मोतीपुर चौक पर शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात पांच ट्रैक्टर एवं लगभग 20 चार पहिया वाहनों के साथ रैली मोतीपुर चौक से प्रस्थान कर अमलेश्वर तिरंगा चौक होते हुए डीह बस्ती पहुंची। वहां से बैलगाड़ी के माध्यम से कबीर चौक वार्ड क्रमांक 8 स्थित कार्यक्रम स्थल तक विधायक का स्वागत जुलूस निकाला गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन संजय यदु ने किया। युवा कांग्रेस प्रत्याशी सौरभ कामड़े एवं भोला वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी युवा कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
मुख्य अतिथि देवेंद्र यादव ने अपने संबोधन में युवा कांग्रेस प्रत्याशी सौरभ कामड़े के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने राज्य में नकटी गांव में हुई बेदखली की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि भिलाई में भी 1200 मकानों को तोड़कर उद्योगपतियों को बसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अवैध शराब, नशे और बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार इन पर नियंत्रण करने में विफल रही है।
देवेंद्र यादव ने स्मार्ट मीटर योजना को जनता से लूट का माध्यम बताते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि केंद्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर जनता की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संजय यदु, उमेश साहू, भोला वर्मा, आकाश चेलक, नेम प्रकाश भारती, भागीराम साहू, लक्की साहू, रौनक वर्मा, अनिल शर्मा, चंद्रशेखर यादव, लखन साहू, गोविंद साहू, मनोज साहू, राकेश, नरेंद्र चेलक, अनिता वर्मा, उर्वशी, राधेश्याम जोशी, चिंताराम सोनकर, मनहरण सोनकर, अभिषेक, रूपेश यादव सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



