कार का शीशा तोड़कर ₹4.90 लाख की चोरी का खुलासा, एसीसीयू और पुलगांव पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

दुर्ग। कार का शीशा तोड़कर ₹4.90 लाख की नगदी चोरी करने वाले सुनियोजित गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसीसीयू और थाना पुलगांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की राशि में से ₹1.57 लाख नगद, घटना में प्रयुक्त 2 पल्सर मोटरसाइकिल और 1 एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी अपनी स्विफ्ट कार में करीब ₹4.90 लाख नकद लेकर पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम पहुंचे थे। कार को बाहर खड़ा कर वे अन्य कार्य से चले गए। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर नगदी से भरा बैग पार कर दिया।



घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू और पुलगांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने प्रार्थी के घर से लेकर घटनास्थल तक करीब 5 किलोमीटर क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया, जो उत्सव होंडा शोरूम में कर्मचारी है, ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, उसकी सहकर्मी सपना राजपूत के माध्यम से उसे प्रार्थी की गतिविधियों और बड़ी नगदी लेकर आने की जानकारी मिलती थी। पहले से रैकी करने के बाद आरोपियों ने मौका पाकर कार का शीशा तोड़ा और नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
भुवनेश्वर डहरिया (23), कुंद्रापारा, दुर्ग
संजय साहू (22), कुंद्रापारा, दुर्ग
जितेंद्र कुमार साहू (28), रूआबांधा, भिलाई
सपना राजपूत (20), कोलियाहापुरी, दुर्ग
जब्त सामग्री
₹1,57,000 नगद
2 पल्सर मोटरसाइकिल
1 एक्टिवा स्कूटी
पुलिस ने बताया कि शेष चोरी गई राशि की बरामदगी और आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों से संबंधों की जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस की अपील:
बड़ी नगदी लेकर चलते समय सतर्क रहें। वाहन में नकदी या अन्य कीमती सामान छोड़कर न जाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



