हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरफ्तार, महिला कर्मचारी के वेतन से ₹1.49 लाख गबन का आरोप

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से ₹1,49,384 के कथित गबन के मामले में दुर्ग पुलिस ने विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को गिरफ्तार किया है। थाना मोहन नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज कर यह कार्रवाई की गई।



पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय की दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी श्रीमती शुभांगी मराठे ने कुलपति को शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति ने मामले की जांच की, जिसमें वित्तीय अनियमितता और अमानत में खयानत के आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए।
जांच में क्या सामने आया?
जांच के अनुसार, पीड़िता को प्रतिमाह ₹11,515 वेतन मिलता था, लेकिन आरोपी कुलसचिव उस पर दबाव बनाकर केवल ₹2,200 अपने पास रखने देता था। शेष राशि फोनपे और पेटीएम के माध्यम से एक अन्य खाते में ट्रांसफर करवाई जाती थी। पुलिस के मुताबिक 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच इस तरह कुल ₹1,49,384 का गबन किया गया।
विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक खातों के रिकॉर्ड और यूपीआई ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपी द्वारा पद का दुरुपयोग कर आर्थिक लाभ लेने की पुष्टि होने पर थाना मोहन नगर में अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी भूपेन्द्र कुमार कुलदीप (51 वर्ष) से पूछताछ के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बैंक दस्तावेज, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य अभिलेख जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं कर्मचारियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अपने पद या प्रभाव का दुरुपयोग कर आर्थिक शोषण, अवैध वसूली या वित्तीय अनियमितता करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



