भगवान शिव व शिवलिंग पर आपत्तिजनक पोस्ट के विरोध में अमलेश्वर थाने में एफआईआर की मांग

अमलेश्वर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भगवान शिव एवं शिवलिंग के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी प्रकाशित किए जाने के विरोध में अमलेश्वर थाना में एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। इस संबंध में खुड़मुड़ा निवासी धर्मेंद्र कुमार सोनकर द्वारा थाना प्रभारी अमलेश्वर को लिखित आवेदन सौंपा गया है।
आवेदन में बताया गया है कि दिनांक 09 अगस्त 2026 को फेसबुक पर Hansraj Goyal नामक अकाउंट से एक पोस्ट प्रकाशित की गई, जिसमें भगवान शिव एवं शिवलिंग के संबंध में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। इसके बाद उक्त पोस्ट पर अरुण पन्नालाल नामक व्यक्ति द्वारा भी कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई।



आवेदनकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस प्रकार की पोस्ट और टिप्पणी से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा समाज में धार्मिक वैमनस्य और तनाव उत्पन्न होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि ऐसी सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
धर्मेंद्र कुमार सोनकर ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित फेसबुक अकाउंट और टिप्पणी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध उचित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। आवेदन में यह भी अनुरोध किया गया है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
मौके पर अमलेश्वर भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, युवा मोर्चा अध्यक्ष रवि सिंगौर, प्रकाश कश्यप, रामाधार साहू, हीरा लाल साहू,मोहन लोधी,अजीत ठाकुर, सुखदेव साहू, मनीष कोसले, शिवा साहू,सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



