झेरिया यादव समाज पाटन परिक्षेत्र ने, शिक्षक दिवस पर अमेरी में किया ,गुरुजनों एवं ग्रामीणों का सम्मान

पाटन/अमेरी। शिक्षक दिवस के अवसर पर ग्राम अमेरी, पाटन जिला दुर्ग में सामाजिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला में पदस्थ समस्त गुरुजनों का सम्मान किया गया। साथ ही ग्राम के सरपंच श्री भूषण भारद्वाज के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं तथा ग्रामीण नागरिकों का भी सम्मान किया गया।
यह सम्मान समारोह झेरिया यादव समाज पाटन परिक्षेत्र के अध्यक्ष श्री नेहरू लाल यादव, सचिव श्री चरण सिंह यादव, पाली क्रमांक 12 से संबंधित ग्राम अमेरी के अध्यक्ष श्री बीरेंद्र यादव तथा श्री कोमल यादव, कार्तिक यादव एवं दादू यादव द्वारा आयोजित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम किसी व्यक्तिगत आयोजन तक सीमित न होकर सामाजिक सम्मान एवं गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की पहल है। शिक्षक समाज को ज्ञान, संस्कार और सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुजनों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री जगनिक यादव, उपाध्यक्ष श्री भगत यादव, प्रदेश अध्यक्ष राजनीति प्रकोष्ठ श्री तीरथ यादव, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ श्री चंद राम यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ श्रीमती सैलाना बी.एल. यादव के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि गुरु ही समाज और राष्ट्र के निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं। शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का सम्मान नई पीढ़ी को शिक्षा और संस्कार के महत्व का संदेश देने वाली सराहनीय पहल है।






