श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजा जमराव, यादव समाज ने मनाया भव्य दहीलूट उत्सव

अमलेश्वर जमराव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ग्राम जमराव में यादव समाज द्वारा पारंपरिक दहीलूट उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। भक्तिमय वातावरण और उल्लास से सराबोर इस आयोजन में समाजजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
उत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं माखन चोरी की मनोहारी परंपरा को दही हांडी फोड़ने के माध्यम से जीवंत किया गया। दही हांडी फोड़ने को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जैसे ही युवाओं ने उत्साह और उमंग के साथ दही हांडी फोड़ी, पूरा परिसर “जय श्रीकृष्ण”, “नंद के घर आनंद भयो” के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जमराव की सरपंच श्रीमती जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर ने भी सहभागिता की। उन्होंने यादव समाज के इस पारंपरिक आयोजन की सराहना करते हुए ग्रामवासियों एवं समाजजनों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं और लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने के साथ ही समाज में एकता, प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
दहीलूट उत्सव में बच्चों से लेकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर पूरे समय उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में श्रद्धालु झूमते नजर आए।
यादव समाज द्वारा आयोजित इस भव्य दहीलूट उत्सव ने न केवल श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की याद को ताजा किया, बल्कि ग्राम जमराव की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और आपसी सौहार्द की भी सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।






