मंडी बोर्ड अधिकारी-कर्मचारी संघ अध्यक्ष पद पर चुन्नी लाल ध्रुव की शानदार जीत
अमलेश्वर। मंडी बोर्ड अधिकारी-कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ प्रांत अध्यक्ष के अध्यक्ष पद का चुनाव 6 सितंबर 2026 को एस.के. एग्री रिसॉर्ट, अमलेश्वर में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हुई, जिसमें चार प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में अपनी दावेदारी पेश की।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों में रवि शंकर तिवारी, मालिक राम पोर्ते, चुन्नी लाल ध्रुव एवं नंदकिशोर सोनी शामिल रहे। मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चली। चुनाव में लगभग 800 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान समाप्त होने के पश्चात मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई। मतगणना के बाद चुन्नी लाल ध्रुव को विजयी घोषित किया गया। उनकी जीत पर समर्थकों एवं संघ के सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
चुनाव एवं मतगणना की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष चुन्नी लाल ध्रुव ने संघ के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकता, कर्मचारियों के हितों और संघ को मजबूत बनाने के लिए कार्य करने की बात कही।



