10 सूत्रीय मांगों को लेकर 16 सितंबर को अमलेश्वर में चक्काजाम, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को सौंपा स्मरण पत्र

अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में नगरवासियों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पार्षदगण द्वारा आगामी 16 सितंबर 2026, बुधवार को सुबह 9:30 बजे से अमलेश्वर में चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में आंदोलनकारियों ने 9 सितंबर को दुर्ग कलेक्टर के नाम स्मरण पत्र सौंपकर आवश्यक कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।

स्मरण पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगरवासियों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 10 अगस्त 2026 को अल्टीमेटम एवं 24 अगस्त 2026 को अंतिम चेतावनी सहित सांकेतिक धरना प्रदर्शन नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के सामने किया गया था। इसके बावजूद आज दिनांक तक मांगों के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पार्षदगण ने आंदोलन का निर्णय लिया है।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 16 सितंबर को सुबह 9:30 बजे तिवारी मैरिज पैलेस के पास, अमलेश्वर में चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से कार्यक्रम के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।
बताया गया कि यह आंदोलन नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं एवं 10 सूत्रीय मांगों को लेकर किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील भी की है।
मौके पर नेता प्रतिपक्ष दीपक घिडोड़े एवं उपनेता प्रतिपक्ष घनश्याम साहू, पार्षद भेजलाल सोनकर पार्षद हेमलाल साहू पार्षद प्रतिनिधि घनश्याम चेलक पार्षद प्रतिनिधि गिरधर साहू कांग्रेस नेता धर्मेंद्र साहू सेक्टर प्रभारी विकास वर्मा कांग्रेस नेता राजा चंद्राकर एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।






