डिजिटल युग में भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता बरकरार, ‘मुद्दा आपका’ अख़बार का हुआ गरिमामय विमोचन

भिलाई। भिलाई नगर के मनसा महाविद्यालय सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह के दौरान साप्ताहिक समाचार पत्र ‘मुद्दा आपका’ का भव्य विमोचन (लोकार्पण) संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मीडिया जगत के दिग्गजों, साहित्यकारों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने शिरकत की।
डिजिटल और प्रिंट मीडिया का समन्वय-
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार शिव श्रीवास्तव ने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप बदल रहा है। सोशल मीडिया, टीवी, ट्विटर और यूट्यूब जैसे डिजिटल माध्यमों की उत्पत्ति प्रिंट मीडिया से ही हुई है।
वर्तमान में त्वरित समाचार प्रेषण के लिए पत्रकारों को प्रिंट के साथ-साथ सोशल मीडिया से जुड़ना आवश्यक है, जो उनकी अतिरिक्त आमदनी का जरिया भी बन सकता है।
पत्रकारिता के गिरते स्तर पर चिंता-
वरिष्ठ पत्रकार शिवनाथ शुक्ला ने पत्रकारिता के बदलते व बिगड़ते स्वरूप पर चिंता व्यक्त करते हुए युवा पत्रकारों को वस्तुपरक, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी प्रकाशित करने का सुझाव दिया।
बदलते परिवेश में बदलाव-
वरिष्ठ लेखक, कवि एवं पत्रकार विक्रम जनबंधु ने बदलते परिवेश के अनुरूप पत्रकारों को स्वयं में भी सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
सामाजिक सरोकार-
वरिष्ठ नेता सुनील रामटेके ने पत्रकारों को जनहित एवं सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा सोशल मीडिया के बढ़ते महत्व को अपनाने की बात कही।
साप्ताहिक समाचार पत्र ‘मुद्दा आपका’ के संपादक ने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए प्रतिबद्धता जताई कि यह समाचार पत्र पत्रकारिता के माध्यम से जन सेवा और राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च महत्व देगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार दिनेश पुरवार, उमेश पासवान, श्री चौहान, प्रदीप गोयल, सुरेन्द्र सिंह विराट, कोमल प्रसाद, कुम्हारी प्रेस क्लब अध्यक्ष विक्रम शाह, ध्रुव कुमार नायक,पीपी हरीश साहू, रामकुमार साहू,रामनारायण निषाद सहित बड़ी संख्या में दुर्ग भिलाई रायपुर सहित ग्रामीण अंचल के पत्रकारगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।







