मगरघटा-परसदा पुलिया का एप्रोच रोड बना मुसीबत

अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर एवं कुम्हारी क्षेत्र को जोड़ने वाली मगरघटा-परसदा पुलिया का एप्रोच रोड इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। नाले में पानी का बहाव अधिक होने के कारण एप्रोच रोड से आवागमन पूरी तरह बाधित है। इसके बावजूद जरूरी काम से आने-जाने वाले लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नाले को पार करने को मजबूर हैं। ऐसे में कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि यदि किसी राहगीर को परसदा से मगरघटा जाना हो तो उसे पाहंदा, अमलेश्वर, भोथली होते हुए लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। इसी तरह मगरघटा से परसदा आने वाले लोगों को भी अमलेश्वर होकर आवागमन करना पड़ेगा। इस लंबी दूरी से बचने के लिए लोग बंद मार्ग के बावजूद नाले को पार करने का जोखिम उठा रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग ने लगाया मार्ग बंद होने का सूचना बोर्ड
लोक निर्माण विभाग द्वारा पुलिया के पास मार्ग पूर्ण रूप से बंद होने की सूचना का बोर्ड भी लगाया गया है। इसके बावजूद स्थानीय लोग और राहगीर अपनी जरूरत के चलते इस चेतावनी को नजरअंदाज कर नाले के रास्ते आवागमन कर रहे हैं। पानी के बीच से गुजरना कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।
पानी कम होने का इंतजार कर रहा विभाग
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा एप्रोच रोड की मरम्मत के लिए आवश्यक तैयारी कर ली गई है। विभाग का कहना है कि जैसे ही नाले का पानी कम होगा, एप्रोच रोड की मरम्मत का कार्य कराया जा सकेगा। लेकिन लगातार पानी बने रहने के कारण फिलहाल काम शुरू नहीं हो पा रहा है। इसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
बड़ी दुर्घटना का इंतजार न करे प्रशासन
राहगीरों की मजबूरी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा नाले के रास्ते जोखिमपूर्ण आवागमन को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को अभी से सतर्कता बरतनी चाहिए।







