सेवा संकल्प अभियान के तहत तरीघाट में जले 500 दीप, प्रधानमंत्री मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत तरीघाट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन के तहत चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई करने के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत तरीघाट में 500 दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सरपंच, पंचगण एवं ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के लिए शुभकामना एवं आशीर्वाद संदेश प्रेषित किया।
कार्यक्रम के तहत ग्राम के हाई स्कूल, मिडिल स्कूल, प्राथमिक स्कूल एवं धान खरीदी केंद्र में भी दीप प्रज्वलित किए गए। ग्रामीणों ने सेवा, स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत तरीघाट की सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू, उपसरपंच प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित पंचगण, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







