
रायपुर – छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में शहीद हुए एडिशनल एसपी आकाश राव गिरिपुंजे को आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। रायपुर के माना पुलिस बटालियन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जहां उनके परिवार और राज्य के आला अधिकारियों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद की पत्नी ने उन्हें रोते हुए सैल्यूट किया और अंतिम विदाई दी, वहीं उनके पिता अपने आंसू नहीं रोक पाए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, डीजीपी श्री अरुण देव गौतम और एडीजी नक्सल ऑपरेशंस श्री विवेकानंद सिन्हा ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
“जब तक सूरज चांद रहेगा, आकाश तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों के बीच शहीद की अंतिम यात्रा उनके रायपुर स्थित कुशालपुर निवास से निकाली गई। इस यात्रा में कलेक्टर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए। पूरे वातावरण में शोक और गर्व का भाव देखा गया ll
जन्मदिन की जगह मातम
बुधवार को शहीद एएसपी की 6 वर्षीय बेटी नव्या का जन्मदिन था। परिवार इस अवसर को उत्सव में बदलने की तैयारी में था। खुद आकाश राव सुकमा से रायपुर लौटने वाले थे, लेकिन अब यह दिन जन्मदिन नहीं, उनके शहीद होने की पीड़ा का प्रतीक बन गया।
मुख्यमंत्री ने कहाः “हमें उन पर गर्व है”
मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा “शहीद आकाश राव ने अपने कर्तव्य के प्रति अदम्य साहस, निष्ठा और समर्पण दिखाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। हमें उन पर गर्व है। सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।”



