प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभ से वंचित हुए जिले के चार ग्राम पंचायत
दुर्ग : प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण (PMAY-G) के तहत वर्ष 2025–26 के लिए जारी पात्र हितग्राही सूची में जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम जंजगिरी, पीपरछेड़ी, रसमड़ा एवं महमरा के पात्र हितग्राहियों के नाम शामिल नहीं किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस स्थिति से संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों में रोष और असंतोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत दुर्ग को वर्ष 2025–26 में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के अंतर्गत कुल 1,699 नवीन आवास स्वीकृत हुए हैं, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से ग्राम पीपरछेड़ी, रसमड़ा, महमरा एवं जंजगिरी के लिए एक भी आवास स्वीकृत नहीं किया गया। जबकि इन ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार निवासरत हैं, जो योजना की सभी पात्रता शर्तें पूर्ण करते हैं।



इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से इन ग्राम पंचायतों के सभी पात्र हितग्राहियों के नाम सूची से डिलीट हो गए हैं। यह स्थिति योजना के क्रियान्वयन, पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
ग्राम जंजगिरी की पात्र हितग्राही रमलेश ठाकुर, रेखा ठाकुर, पूर्णिमा साहू एवं त्रिवेणी ठाकुर आज भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि वे सभी पात्रता की शर्तें पूर्ण करते हैं।
जनपद संघ अध्यक्ष ढालेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और वंचित परिवारों के लिए जीवन की मूलभूत आवश्यकता से जुड़ी योजना है। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग की कि आवास प्लस- 2.0 सर्वे को तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों का पुनः सर्वे किया जाए और किसी भी प्रकार की त्रुटि को दूर कर प्रत्येक पात्र परिवार को योजना का लाभ दिलाया जाए।



