चरौदाछत्तीसगढ़दुर्ग भिलाईभिलाई 3

वक्फ संशोधन बिल पर चर्चा हेतु भिलाई-3 विधायक निवास में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

भिलाई-3, 17 मई :   भिलाई-3 स्थित विधायक निवास में वक्फ संशोधन बिल के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में निगम क्षेत्र के मुस्लिम समाज के वरिष्ठ जनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर विचार-विमर्श किया गया। बैठक का उद्देश्य वक्फ संशोधन विधेयक से संबंधित भ्रांतियों को दूर करना, समाज में भाईचारे को मजबूत करना और अल्पसंख्यक समाज को सरकार की मंशा से अवगत कराना रहा।

बैठक की अध्यक्षता अहिवारा विधायक राजमहंत श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने की, जबकि प्रमुख वक्ता के रूप में प्रदेश भाजपा कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्री संदीप शर्मा तथा भाजपा के प्रदेश कार्यकरणीय सदस्य वक्ता श्री शिरीष अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, भाजपा महामंत्री बिजेंद्र सिंह, प्रेमलाल साहू, भिलाई-3 मंडल अध्यक्ष वरुण यादव, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हामिद अहमद, मदरसा बोर्ड के सदस्य तौहीद खान एवं भिलाई-3 मस्जिद अध्यक्ष रुस्तम खान, जिला मिडिया प्रभारी पिछड़ा वर्ग मोर्चा रामकुमार साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

बैठक में वक्ताओं ने वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक की वास्तविक भावना को स्पष्ट करते हुए बताया कि यह संशोधन समाज के भीतर व्याप्त भेदभाव, भ्रांतियों और मतभेदों को समाप्त करने के लिए किया गया है। यह विधेयक न केवल वक्फ संपत्तियों के पारदर्शी संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह अल्पसंख्यक समाज, विशेषकर आर्थिक रूप से पिछड़े मुस्लिम वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास है।

बैठक में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प का हवाला देते हुए बताया कि सरकार सभी समाजों को बराबरी के अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है। वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग रोकना, उनके समुचित प्रबंधन को सुनिश्चित करना और जरूरतमंद लोगों तक उनके अधिकार पहुंचाना इस विधेयक का मुख्य उद्देश्य है।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि समाज में व्याप्त अफवाहों और ग़लत धारणाओं को दूर करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि हिंदू-मुस्लिम समाज के बीच सौहार्द बना रहे और एकजुटता से राष्ट्र निर्माण में योगदान हो सके।

बैठक के समापन पर उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से समाज में समरसता एवं जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया और विधेयक के समर्थन में जनसंपर्क एवं संवाद अभियान चलाने का निर्णय लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!