दुर्ग में “ऑपरेशन सुरक्षा”: ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, 250 चालान, ₹1.12 लाख समन शुल्क वसूला
दुर्ग/ जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और हेलमेट पहनने को अनिवार्य बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने “ऑपरेशन सुरक्षा” के तहत लगातार कार्रवाई शुरू कर दी है। 9 और 10 सितंबर को चलाए गए इस अभियान में 250 चालान काटे गए तथा ₹1,12,000 समन शुल्क वसूला गया।
“नो हेलमेट – नो पेट्रोल” नीति का सख्ती से पालन
यह अभियान जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है, ताकि “नो हेलमेट – नो पेट्रोल” नीति का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



ग्रे स्पॉट क्षेत्र में सख्त निगरानी
भिलाई की सेंट्रल एवेन्यू रोड (मुरगा चौक से सेक्टर-9 चौक तक) को “कंपल्सरी हेलमेट जोन” घोषित किया गया है। यहां विशेष टीमों द्वारा प्रतिदिन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
पेट्रोल पंपों को दिए गए सख्त निर्देश
ट्रैफिक पुलिस ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना हेलमेट पहुंचे वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। इसके पालन पर लगातार निगरानी की जा रही है।
दंड नहीं, जागरूकता है उद्देश्य
अभियान का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को हेलमेट पहनने के महत्व से अवगत कराना और सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों को रोकना है। पुलिस का दावा है कि इस प्रयास से जिले में हेलमेट उपयोग को लेकर जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस दुर्ग आम नागरिकों से अपील करती है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग करें। आपका छोटा सा कदम आपकी और आपके परिवार की जिंदगी बचा सकता है।



