आवास प्लस 2.0 को तत्काल लागू कराने सांसद विजय बघेल व जिला पंचायत सीईओ को सौंपा गया ज्ञापन
किसान–मजदूर अधिकार सभा में पारित प्रस्ताव के आधार पर सैकड़ो से अधिक गांवों के प्रतिनिधि हुए शामिल

दुर्ग: प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास प्लस 2.0 को तत्काल लागू कराने, पात्र हितग्राहियों को आवास स्वीकृति दिलाने तथा लंबित किश्तों के शीघ्र भुगतान की मांग को लेकर किसान–मजदूर अधिकार सभा के प्रतिनिधि मंडल द्वारा माननीय सांसद विजय बघेल एवं जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन हाल ही में चंदखुरी में आयोजित किसान–मजदूर अधिकार सभा में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के आधार पर दिया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि जिला प्रशासन दुर्ग द्वारा चार से पाँच माह पूर्व आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत सर्वे कराया गया था, लेकिन अब तक पात्र हितग्राहियों को न तो आवास की स्वीकृति मिली है और न ही निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो पाई है। इसके अलावा कई ग्राम पंचायतों में आवास प्लस योजना की दूसरी किश्त का भुगतान लंबित है, जिससे गरीब एवं मजदूर परिवार गंभीर आर्थिक संकट में हैं।
प्रतिनिधियों ने यह भी अवगत कराया कि जंजगिरी, महमरा, रसमड़ा एवं पिपरछेड़ी सहित अन्य ग्रामों में पात्र हितग्राहियों के नाम आवास सूची से हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं, जिसकी कोई स्पष्ट वजह हितग्राहियों को नहीं बताई गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक असंतोष एवं आक्रोश की स्थिति बनी हुई है।
किसान–मजदूर अधिकार सभा में पारित प्रस्ताव के अनुसार मांग की गई कि आवास प्लस 2.0 के पात्र हितग्राहियों को तत्काल आवास स्वीकृति प्रदान की जाए, जिन हितग्राहियों की दूसरी किश्त लंबित है उसका शीघ्र भुगतान किया जाए तथा सूची से हटाए गए पात्र हितग्राहियों के नामों की पुनः जांच कर उन्हें जोड़ा जाए। साथ ही पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से लागू करने की मांग रखी गई।
इस संबंध में आयोजक ढालेश साहू ने कहा* कि यदि समय रहते मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो किसानों एवं मजदूरों को उनका अधिकार दिलाने के लिए आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद एवं जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से जिले के हजारों गरीब, किसान और मजदूर परिवारों को शीघ्र न्याय मिलेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 12 श्रीमती प्यारी बाई निषाद, ग्राम पंचायत महमरा सरपंच श्रीमती नर्मदा ठाकुर, राकेश कौशिक, प्रभा पटेल, सुभद्रा साहू, गोदावरी देशमुख, रुक्मिणी वर्मा, सुभद्रा वर्मा, लगनी बाई, सरोज बाई, अजय साहू, गितेश्वर साहू, गैंदी बाई, केशरी साहू, अनिता साहू, सोन बाई, दुर्पत निषाद, इंद्राणी सेन, गायत्री निषाद, पूर्णिमा नेताम, नम्रता जांगड़े, उषा निषाद सहित रिसामा, जंजगिरी, अण्डा, आलबरस, निकुम, भोथली, महमरा, रसमड़ा, चंदखुरी सहित सैकड़ों से अधिक गांवों के नागरिक उपस्थित रहे।







