मोतीपुर में डबरी तालाब का अस्तित्व खतरे में, रास्ता बंद होने से ग्रामीण परेशान

पाटन/मोतीपुर। पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मोतीपुर में मुख्य मार्ग के किनारे स्थित डबरी तालाब का अस्तित्व इन दिनों खतरे में नजर आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार तालाब के आसपास निजी जमीन होने की जानकारी सामने आ रही है, जिसके चलते तालाब के रास्ते पर मुरूम डाल दिया गया है। इससे तालाब तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया है और ग्रामीणों को निस्तारी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि उक्त डबरी तालाब का उपयोग ग्रामीण निस्तारी के लिए करते आ रहे हैं। ग्राम पंचायत द्वारा यहां ग्रामीणों की सुविधा के लिए पचरी का निर्माण भी कराया गया है। लेकिन वर्तमान में रास्ता बंद होने के कारण ग्रामीण तालाब तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। लंबे समय से उपयोग नहीं होने के कारण तालाब परिसर में घास-फूस भी उग आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा लगातार जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए तालाबों का गहरीकरण और विकास कार्य कराया जाता है, वहीं मोतीपुर में मुख्य मार्ग के किनारे स्थित पुराने डबरी तालाब के अस्तित्व पर ही संकट खड़ा हो गया है। तालाब तक पहुंचने का रास्ता बंद होने से ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर तालाब एवं उसके रास्ते को सुरक्षित कराने की मांग की है।
जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी : सरपंच
ग्राम पंचायत मोतीपुर के सरपंच ने बताया कि “डबरी तालाब का उपयोग ग्रामीण पहले से निस्तारी के लिए करते आ रहे हैं। रास्ता बंद होने की जानकारी मिली है। पंचायत की ओर से रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीण दोबारा तालाब का उपयोग निस्तारी के लिए कर सकें। तालाब के आसपास निजी जमीन होने की भी जानकारी मिल रही है, जिसकी जांच के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।”







