शहीद घसिया मंडल का बलिदान राष्ट्रभक्ति की अमर मिसाल : कीर्ति नायक
पाटन।ग्राम बटंग, तहसील पाटन, जिला दुर्ग में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं अमर शहीद घसिया मंडल के शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने शहीद घसिया मंडल के अद्वितीय बलिदान को नमन किया और उनके योगदान को देशभक्ति की अमिट प्रेरणा बताया।
श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने उद्बोधन में कहा कि शहीद घसिया मंडल जैसे वीर सपूतों की शहादत के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घसिया मंडल का जीवन त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने आगे कहा कि शहीद घसिया मंडल की स्मृति में आयोजित ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रप्रेम, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करते हैं। श्रीमती नायक ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीद के आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के उत्थान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान शहीद घसिया मंडल के प्रतिमा पर माल्यार्पण अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जनपद राजेश चंद्राकर, पूर्व जनपद डॉ धनश्याम कौशिक पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अंत में श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर ने आयोजन समिति शहीद घसिया मंडल स्मृति क्लब बटंग एवं समस्त ग्रामवासियों को इस गरिमामय आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि शहीदों की स्मृति को जीवंत रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।








