अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : पाटन में महिलाओं का राजनीतिक परचम, 72 महिलाओं ने संभाली नेतृत्व की जिम्मेदारी
करन साहू पाटन। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र में महिलाओं की सशक्त भागीदारी और नेतृत्व की उल्लेखनीय उपलब्धि सामने आई है। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत कुल 108 ग्राम पंचायतों में से 56 ग्राम पंचायतों में महिलाओं ने सरपंच के रूप में जिम्मेदारी संभाली है और पूरी लगन व निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।
इसी तरह जनपद पंचायत पाटन के 24 जनपद क्षेत्रों में से 13 क्षेत्रों में महिलाओं ने जनपद सदस्य बनकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। ये महिलाएं अपने कर्तव्यों को बखूबी निभाते हुए विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।






इसके साथ ही जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत चार जिला पंचायत क्षेत्र हैं, जिनमें से तीन क्षेत्रों में महिलाओं ने विजय प्राप्त कर नेतृत्व संभाला है और पूरी ईमानदारी तथा जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।
कुल मिलाकर पाटन क्षेत्र में 72 महिलाओं ने राजनीतिक क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए नेतृत्व का परचम लहराया है। ये सभी महिलाएं समाज हित और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।








