भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती पर झीट परिक्षेत्र में भव्य आयोजन, सामाजिक और राजनीतिक अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में होगा भवन का लोकार्पण

अम्लेश्वर। तहसील साहू संघ पाटन अंतर्गत परिक्षेत्रीय साहू संघ एवं स्थानीय साहू समाज झीट के संयुक्त तत्वावधान में भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती महोत्सव एवं सामाजिक सामुदायिक भवन लोकार्पण समारोह का भव्य आयोजन 12 अप्रैल 2026, रविवार को परिक्षेत्रीय साहू सदन में किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे कलश यात्रा से होगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे भवन का लोकार्पण किया जाएगा तथा 12:30 बजे भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना संपन्न होगी। दोपहर 1 बजे ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ेगा, जिसमें अतिथि स्वागत, सम्मान एवं उद्बोधन सत्र आयोजित होगा। इसके अलावा शाम 4 बजे प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा तथा सायं 5 बजे प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जिनमें मुख्य अतिथि के रूप में पुर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं प्रमुख अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ के अध्यक्ष नंदलाल साहू करेंगे। विशेष अतिथि तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू के साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी सामाजिक बंधुओं एवं नागरिकों से इस गरिमामयी आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम की तैयारी परिक्षेत्रीय अध्यक्ष श्रीमती गायत्री साहू अपने टीम के साथ कर रही है।



