अमलेश्वर में अवैध बोर खनन पर प्रशासन मौन, नियमों की खुलेआम अनदेखी

अमलेश्वर। दुर्ग जिला अंतर्गत नगर पालिका परिषद अमलेश्वर क्षेत्र में बिना अनुमति के बोर खनन का मामला लगातार सामने आ रहा है। जिला प्रशासन के स्पष्ट आदेशों के बावजूद बोरवेल संचालकों द्वारा मनमाने ढंग से विभिन्न स्थानों पर बोर खनन किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में जहां-जहां प्लाटिंग की जा रही है, वहीं पर लोग बिना किसी वैध अनुमति के बोर खनन करवा रहे हैं। इस अवैध गतिविधि से प्रशासनिक निर्देशों की खुलेआम अवहेलना हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के वॉर्ड क्रमांक 02 में हो रहे बोर खनन पर पीआईसी मेंबर पार्षदों द्वारा भी इस पर रोक लगाने का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद बोरवेल संचालकों ने 11 अप्रैल को दो बोर खनन कार्य कर नियमों का उल्लंघन किया और बिना किसी कार्रवाई के मौके से निकल गए।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में इस विषय को लेकर नाराजगी है। पार्षदों द्वारा इस संबंध में लिखित शिकायत देने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।








