पाटन के स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम में अव्यवस्था, रखरखाव के अभाव में आधुनिक सुविधाएं हो रहीं बर्बाद

पाटन। नगर पंचायत पाटन स्थित स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम इन दिनों रखरखाव के अभाव में बदहाली का शिकार होता नजर आ रहा है। ऑडिटोरियम में लगाए गए आधुनिक लाइटें और सजावटी घास-पौधे क्षतिग्रस्त हो रहे हैं तथा सूखते जा रहे हैं, लेकिन उनकी देखरेख के लिए किसी प्रकार की उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है।

यह ऑडिटोरियम लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का केंद्र बना हुआ है, जहां राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। प्रदेश स्तर के नेताओं से लेकर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का यहां लगातार आना-जाना बना रहता है। सालभर कार्यक्रमों की व्यस्तता के बावजूद रखरखाव की ओर किसी का ध्यान नहीं जाना गंभीर चिंता का विषय है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह सुविधा अब धीरे-धीरे कबाड़ में तब्दील होती जा रही है। जिम्मेदार अधिकारी इस ओर मौन साधे हुए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऑडिटोरियम के नियमित रखरखाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि यह महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति सुरक्षित रह सके और आने वाले समय में बेहतर उपयोग के लिए तैयार रहे।








