हल्की बारिश में जाम हुई नालियां, गंदा पानी घुसने लगा घरों में, ग्राम पंचायत पाहंदा(अ) का है मामला

अम्लेश्वर/पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत पाहंदा (अ) में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हल्की बारिश के बाद नालियां जाम हो गईं, जिससे घरों से निकलने वाला पानी निकासी नहीं हो सका और उल्टा कई घरों के भीतर घुसने लगा।
मिली जानकारी के अनुसार आज ग्राम में तेज हवा-तूफान के साथ हल्की बारिश हुई। बारिश के दौरान नालियों में फंसे डिस्पोजल और कूड़ा-कचरे के कारण पानी का बहाव रुक गया। स्थिति यह रही कि नाली के नीचे रहने वाले कुछ परिवारों को स्वयं नाली की सफाई करनी पड़ी, ताकि घरों में भरे गंदे पानी को बाहर निकाला जा सके।



ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत द्वारा कई महीनों से नालियों की सफाई नहीं कराई गई है। कुछ दिन पहले भी गांव के एक वार्ड में नाली का पानी सड़क पर फैल गया था, जिसकी खबर भी प्रकाशित हुई थी। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
आज हुई हल्की बारिश ने एक बार फिर सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। नालियां जाम होने से आसपास के घरों में गंदा पानी घुसने लगा, जिससे लोगों को काफी असुविधा उठानी पड़ी।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि केवल पंचायत ही नहीं, आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि वे नालियों में डिस्पोजल और कूड़ा-कचरा न फेंकें। स्वच्छता अभियान में सभी की भागीदारी से ही गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।



