एथेना स्कूल के पास बड़ा हादसा टला, ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिरी, एक युवक गंभीर रूप से घायल
अम्लेश्वर, 21 जून। थाना अम्लेश्वर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोथली स्थित एथेना स्कूल के पास आज एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवकों और एक ट्रैक्टर के बीच टक्कर की स्थिति बन गई, जिससे ट्रैक्टर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद काली ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे में ट्रैक्टर चालक को मामूली चोटें आई हैं। वहीं बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर गिर पड़े, जिनमें से एक युवक को गंभीर चोट लगने की सूचना है। घायल युवक का उपचार रायपुरा स्थित ओम हॉस्पिटल में जारी है।



घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने एथेना स्कूल के सामने सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ब्रेकर लगाए जाने से आवागमन करने वाले लोगों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को राहत मिलेगी तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर का पंजीयन क्रमांक CG 04 PR 3048 दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।
प्रशासन एवं संबंधित विभाग से ग्रामीणों ने शीघ्र आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



