शासकीय हाई स्कूल परसदा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव
नवीन विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पाठ्य-सामग्री किट वितरण कर किया स्वागत

कुम्हारी, 25 जून। विकासखंड पाटन अंतर्गत नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल परसदा परिसर में गुरुवार को शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद कुम्हारी की अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा रहीं। कार्यक्रम में शाला विकास समिति/प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, नगर पालिका के पार्षदगण, पालकगण एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती मीना वर्मा के तिलक-रोली एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नवीन प्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर एवं पाठ्य-सामग्री किट वितरित कर विद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती मीना वर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं प्राचार्य द्वारा विद्यालय की उपलब्धियों तथा आगामी शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी उपस्थित जनों को दी गई।



शाला प्रवेशोत्सव के माध्यम से नवीन छात्र-छात्राओं का नामांकन किया गया। कार्यक्रम से अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा बच्चों में विद्यालय आने के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य नवीन विद्यार्थियों का विद्यालय में स्वागत कर शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर उमेश्वरी साहू पीआईसी सदस्य, महिला एवं बाल विकास, अश्वनी देशलहरे पीआईसी सदस्य जल विभाग, पार्षद, ओंकार मारकंडे, युजेंद्र साहू, प्राचार्य सुश्री रत्न सुधा रामटेके, शाला विकास समिति के अध्यक्ष होमेंद्र साहू, हाई स्कूल के सांसद प्रतिनिधि पुणेंद्र पंथ, पूर्व माध्यमिक शाला के अध्यक्ष केवल साहू, बिसेलाल साहू, संस्था प्रमुख पवन कुमार साहू, प्राथमिक शाला प्रधान पाठक, पूर्णिमा यादव, जागेश्वरी साहू, उपासना साहू, पुरुषोत्तम सिंह व्यास, अखिल प्रताप सिंह, श्रीमती आशा तिवारी एवं जैन कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं पालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन मोहित कुमार शर्मा द्वारा किया गया तथा अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।



