ग्राम झीट में शुक्रवार को एक दिवसीय विकासखंड स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

अम्लेश्वर-पाटन। संचालनालय आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी दुर्ग डॉ. दिनेश चंद्रवंशी के मार्गदर्शन तथा ग्राम पंचायत झीट के सरपंच रूपेंद्र राजू साहू के सहयोग से शासकीय आयुर्वेद औषधालय तर्रा द्वारा शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक कला मंच, बाजार चौक, ग्राम झीट में एक दिवसीय विकासखंड स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में सभी प्रकार के साध्य एवं असाध्य रोगों का आयुर्वेदिक उपचार किया जाएगा तथा मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण भी किया जाएगा। शिविर में दुर्ग जिले के अनुभवी एवं विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों की उपस्थिति रहेगी।
इसके अलावा शिविर में नेत्र परीक्षण, रक्तचाप (बीपी), शुगर एवं हीमोग्लोबिन जांच की निःशुल्क सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उक्त स्वास्थ्य शिविर में जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती रेखा अरविंद जोशी मुख्य अतिथि तथा ग्राम पंचायत झीट के सरपंच रूपेंद्र राजू साहू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।







