शिक्षकों की कमी से जूझ रहा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कुम्हारी, कक्षा 1 से 5 तक बच्चों की एक दिन छोड़कर लग रही कक्षाएं

कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय इन दिनों शिक्षकों की कमी और सीमित संसाधनों के कारण अव्यवस्था का सामना कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं एक दिन छोड़कर संचालित की जा रही हैं। सोमवार को यदि ‘ए’ सेक्शन के बच्चे विद्यालय आते हैं तो मंगलवार को ‘बी’ सेक्शन के विद्यार्थियों की कक्षाएं लगाई जाती हैं। आज भी ‘ए’ सेक्शन के बच्चे ही स्कूल गए थे। यह व्यवस्था पिछले लगभग एक सप्ताह से जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में 1600 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें लगभग 1100 छात्र-छात्राएं अंग्रेजी माध्यम तथा करीब 500 विद्यार्थी हिंदी माध्यम में अध्ययन कर रहे हैं। वर्तमान में नए प्रवेश की प्रक्रिया भी जारी है। इस शैक्षणिक सत्र से बालवाड़ी कक्षाओं का भी शुभारंभ किया गया है, जिससे विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या और बढ़ गई है।



संस्था से मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय में वर्तमान में 39 शिक्षक पदस्थ हैं, जबकि सुचारु रूप से संचालन के लिए लगभग 50 शिक्षकों की आवश्यकता बताई जा रही है। यानी विद्यालय में 11 शिक्षकों की कमी है। एक ही परिसर में सभी कक्षाओं का संचालन होने के कारण उपलब्ध शिक्षकों के माध्यम से समायोजन कर अध्यापन कार्य कराया जा रहा है।
विद्यालय परिसर में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन किसी तकनीकी या प्रशासनिक कारण से भवन अभी तक विद्यालय प्रबंधन को हैंडओवर नहीं किया गया है। इसके कारण नई कक्षाओं का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है और विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्ष उपलब्ध नहीं हो रहे हैं।
हालांकि विद्यालय का संचालन दो पालियों में किया जा रहा है, जिससे व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। बावजूद इसके शिक्षकों की कमी और अतिरिक्त कक्षों के अभाव का असर विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई पर पड़ रहा है। स्थानीय अभिभावकों एवं नागरिकों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना तथा नए भवन को विद्यालय के सुपुर्द कर कक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।



