राज्य स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव से पहले जामगांव एम –अमलेश्वर मार्ग पर घुमंतू पशुओं का डेरा, आवागमन होगी बाधित, दुर्घटना की आशंका

पाटन/अमलेश्वर। पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, जामगांव (एम) में 20 जुलाई को शिक्षा विभाग द्वारा राज्य स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पिछले दो दिनों से जिला प्रशासन के अधिकारियों का लगातार निरीक्षण एवं आवागमन जारी है, जो कार्यक्रम तक निरंतर चलता रहेगा।
आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के शामिल होंगे। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी बीच क्षेत्र के नागरिकों ने जामगांव (एम) से मोतीपुर होते हुए अमलेश्वर तक मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में घुमंतू पशुओं के जमावड़े पर चिंता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर बैठे एवं विचरण कर रहे पशुओं के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि 20 जुलाई से पहले मुख्य मार्ग से घुमंतू पशुओं की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान आवागमन बाधित हो सकता है तथा दुर्घटना की संभावना भी बढ़ सकती है। नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की मांग की है, ताकि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।







