यूनिसेफ की मीडिया वर्कशॉप में शामिल हुए प्रेस क्लब अम्लेश्वर के पत्रकार, स्तनपान और सुपोषण पर हुई विस्तृत चर्चा

रायपुर। नगर पालिका परिषद अम्लेश्वर स्थित प्रेस क्लब अम्लेश्वर के पत्रकारों ने यूनिसेफ द्वारा आयोजित मीडिया वर्कशॉप में सहभागिता की। यह कार्यशाला रायपुर के होटल सायाजी में आयोजित की गई, जिसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्तनपान के महत्व तथा सुपोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराना तथा पहले छह माह तक केवल माँ का दूध देना उसके समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में बच्चों को कुपोषण से बचाने, परिवारों को पोषण के प्रति जागरूक करने तथा मीडिया की सकारात्मक भूमिका पर भी विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में जनजागरूकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर संरक्षक परसराम साहू, सलाहकार ललित बिजौरा प्रेस क्लब अम्लेश्वर के अध्यक्ष करन साहू, महासचिव डॉ. अश्वनी साहू, डॉ अश्वनी जायसवाल, गोविंदा सोनकर सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।







