स्वतंत्रता दिवस पर जमराव में प्रतिभाओं का सम्मान सरपंच ने कहा—“प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना हमारी जिम्मेदारी”

पाटन,जमराव। विकास खंड पाटन अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जमराव में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की प्राचार्य श्रीमती गीता साहू द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामवासियों का मन मोह लिया और पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।




कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर, सरपंच ग्राम पंचायत जमराव रहीं। विशेष अतिथि के रूप में लेखराज निषाद, पंचगण एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भेष कुमार सोनकर, अध्यक्ष शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम जमराव की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। शिक्षा, खेल, कुश्ती, कला, संस्कृति, संगीत एवं शासकीय सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ग्राम का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमराव की कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹5,000-₹5,000 की सम्मान राशि एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान भेष कुमार सोनकर, अध्यक्ष शाला प्रबंधन एवं विकास समिति द्वारा प्रदान किया गया।
इसी प्रकार शासकीय प्राथमिक शाला जमराव की कक्षा 5वीं एवं 8वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹1,000-₹1,000 की सम्मान राशि एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान छगन लाल साहू, अध्यक्ष शासकीय प्राथमिक शाला विकास समिति, जमराव द्वारा प्रदान किया गया।
कुश्ती एवं खेल प्रतिभाओं का सम्मान
जिला एवं संभाग स्तर की कुश्ती प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ग्राम जमराव के प्रतिभावान खिलाड़ियों लोकनाथ साहू, अनिल नन्हारे, तुषार साहू, अरुण निषाद, रौनक नन्हारे एवं पुष्पेंद्र साहू को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने वाले श्रीमती चंपा चतुर्वेदी, स्वप्निल सोनी एवं कमलेश देवांगन को भी उनके योगदान के लिए मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कला, संस्कृति एवं संगीत के क्षेत्र में सम्मान
ग्राम जमराव की कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जय माँ शीतला जस झांकी परिवार, जमराव को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं गायन एवं संगीत के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के माध्यम से ग्राम का नाम रोशन करने वाले श्री सुरेश कुमार निषाद को भी मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शासकीय सेवा में चयनित युवाओं का सम्मान
शासकीय सेवा के क्षेत्र में चयनित होकर ग्राम जमराव का नाम गौरवान्वित करने वाले श्री जय सोनकर एवं श्री गौरव सोनकर, जिनका चयन नगर सैनिक के पद पर हुआ है, उन्हें भी उनकी उपलब्धि के लिए मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सभी सम्मानित प्रतिभाओं को सरपंच जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर द्वारा सम्मानित किया गया।
सरपंच ने कहा—प्रतिभाओं को मिले सही मंच और मार्गदर्शन
इस अवसर पर सरपंच जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर ने कहा कि, “स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि गांव की प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का भी अवसर है। ग्राम जमराव के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें सही मंच, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन देने की।”
उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेल, कुश्ती, संगीत, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में गांव का नाम रोशन करने वाले युवाओं और कलाकारों का सम्मान पूरे ग्राम के लिए गौरव की बात है।
सरपंच ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि जमराव की प्रतिभाएं जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाएं। ग्राम पंचायत की ओर से प्रतिभाओं को हरसंभव प्रोत्साहन एवं सहयोग देने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।”
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया। प्रतिभाओं के सम्मान से समारोह का वातावरण उत्साह, गौरव और प्रेरणा से भर गया।
🇮🇳 जय हिन्द! जय जमराव! 🇮🇳



