प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में सेवानिवृत्त कर्मचारी वेंकट राव ने किया ध्वजारोहण
भिलाई-3। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल के साथ इसी माह सेवानिवृत्त होने जा रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री वेंकट राव ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन हुआ।
बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि गत वर्ष संस्था द्वारा निर्णय लिया गया था कि संस्था का जो भी कर्मचारी किसी भी वर्ग से सेवानिवृत्त होगा, उसे स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनाया जाएगा तथा संस्था प्रभारी के साथ ध्वजारोहण करने का अवसर दिया जाएगा। इसी निर्णय के तहत इस वर्ष श्री वेंकट राव को मुख्य अतिथि बनाया गया।




संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने बलिदान, समर्पण, त्याग और अपनी आहुति देकर देश को गुलामी से आजाद कराया है। आज देश की स्वतंत्रता और उसकी गरिमा को बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ इस वर्ष देश को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में भी सभी को मिलकर सक्रिय योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री एवं विभाग के बीईटीओ सैय्यद असलम ने स्वतंत्रता संग्राम में महापुरुषों तथा सभी धर्म, जाति एवं समुदाय के लोगों के योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने रेशमी रूमाल आंदोलन, दांडी यात्रा, सत्याग्रह आंदोलन, जलियांवाला बाग कांड और भारत छोड़ो आंदोलन सहित स्वतंत्रता आंदोलन की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख किया।
सैय्यद असलम ने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने जो बलिदान दिया, उसे सदैव स्मरण करते हुए हमें अहिंसा के मार्ग पर चलना चाहिए। साथ ही समाज में भाईचारा कायम रखने तथा भारत की उन्नति और विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री वेंकट राव, संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल, डॉ. रवि शंकर सत्यार्थी, डॉ. नितिन कश्यप, योग चिकित्सक श्रीमती अर्चना मिश्रा, फार्मासिस्ट श्रीमती स्मिता बागड़े, आयुष विभाग के फार्मासिस्ट विनय निर्मलकर, लैब टेक्नीशियन आलिया खातून, एलएचव्ही श्रीमती आर. विश्वास, ड्रेसर समीर राते, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक यशवंत साहू, देवेन्द्र राजपूत, श्रीमती उषा वर्मा, मीरा साहू, हिमांशु सूर्यवंशी, नारायण साहू, गीतांजलि सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



