वीर बलिदानी राजा गुरु बालक दास जयंती एवं शोभायात्रा 4 सितंबर को
अमलेश्वर। परिक्षेत्र सतनामी समाज मोतीपुर (खम्हरिया) के तत्वावधान में वीर बलिदानी राजा गुरु बालक दास जी की जयंती एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है।

आयोजकों ने बताया कि गुरु बालक दास जी की जयंती के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शोभायात्रा सुबह 11 बजे से निकाली जाएगी। वहीं पालो चढ़ाने का कार्यक्रम शाम 5 बजे से रखा गया है। इसके पश्चात गुरु प्रसादी एवं भोजन भंडारा का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम खम्हरिया (कु), तहसील पाटन, जिला दुर्ग में किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
इस अवसर पर 33 गांवों का संयुक्त परिवार बनाकर वीर बलिदानी राजा गुरु बालक दास जी की जयंती मनाने का संदेश भी दिया गया है। आयोजकों ने कहा कि गुरु बालक दास जी के शौर्य, त्याग और सामाजिक चेतना को स्मरण करते हुए समाज को एकजुटता एवं भाईचारे का संदेश देना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।






