श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ठेठवार समाज पांहदा परिक्षेत्र में राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न

अमलेश्वर/पाटन। ठेठवार समाज पांहदा परिक्षेत्र के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव 2026 का भव्य आयोजन 5 सितंबर, शनिवार को ग्राम कोपेडीह (अमलेश्वर), तहसील पाटन, जिला दुर्ग में हर्षोल्लास के साथ किया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नवनिर्मित राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे इष्टदेव भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। दोपहर 2 बजे अतिथि सम्मान समारोह आयोजित किया गया तथा दोपहर 3 बजे भोजन एवं कार्यक्रम का समापन हुआ।
आयोजन में ठेठवार समाज पांहदा परिक्षेत्र के समस्त पदाधिकारी, युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ, 16 पार के अध्यक्ष-सचिव, कोषाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य एवं रायपुर राज के समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महेश यदु (अध्यक्ष), घनेश्वर (पप्पू) यदु (कोषाध्यक्ष), ईश्वर यदु (सचिव), ललित यदु (उपाध्यक्ष), कृष्ण कुमार यदु (युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष) एवं श्रीमती मिनाक्षी यदु (महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष) सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज को संगठित, शिक्षित एवं मजबूत बनाने पर जोर देते हुए सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सामाजिक पदाधिकारियों का गमछा एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
आयोजकों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श समाज को प्रेम, सद्भाव, एकता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा से समाज में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को मजबूती मिलेगी।
अंत में आयोजकों ने समस्त समाजजनों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आयोजन में सहभागिता निभाने वाले सभी समाजजनों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया।






