“संगठन सृजन अभियान” के तहत दिल्ली में जिला कांग्रेस अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

रायपुर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित “संगठन सृजन अभियान” के तहत दिल्ली में जिला कांग्रेस अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त किया।


कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण सत्र में पार्टी की विचारधारा, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में जिला अध्यक्षों के प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर जिला अध्यक्षों को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।
नेताओं ने संगठन को और सशक्त बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर मजबूती से कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में देशभर से आए कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








