ग्राम झीट में मनरेगा कार्यों की शुरुआत, सरपंच रूपेंद्र साहू ने श्रीफल तोड़कर किया शुभारंभ

अम्लेश्वर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत झीट में रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कार्यों की शुरुआत की गई। प्रथम दिवस पर मनरेगा मजदूरों के साथ श्रीफल तोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सभी जॉब कार्ड धारियों का मुंह मीठा कराकर उन्हें शुभकामनाएं भी दी गईं।


ग्राम पंचायत के युवा सरपंच रूपेंद्र राजू साहू ने कहा कि मनरेगा कार्यों से ग्रामीणों को आर्थिक रूप से मजबूती मिलती है और उन्हें अपने ही गांव में रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जी राम जी योजना के तहत 125 दिनों की रोजगार गारंटी मिलने की संभावना है, जिससे मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को और अधिक आर्थिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से गांव के महिला और पुरुष दोनों ही आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








