पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेलूद में बूथ कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, संगठन मजबूती पर जोर

पाटन सेलूद। पाटन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सेलूद (मंडल) में बूथ कांग्रेस कमेटी एवं बूथ प्रबंधन समिति की एक महत्वपूर्ण एवं संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत सार्थक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर कांग्रेस पार्टी की पकड़ सुदृढ़ करने तथा आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।


बैठक के दौरान केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर करने और उनके खिलाफ प्रभावी रणनीति बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही युवाओं एवं महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया गया, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिल सके।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री के सुपुत्र चैतन्य बघेल जी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनहित, विकास और सामाजिक न्याय की राजनीति करती आई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन की रीढ़ को मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया।
पूर्व ओएसडी आशीष वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में लागू जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीब, किसान, मजदूर सहित हर वर्ग को सशक्त बनाया। उन्होंने भाजपा की नीतियों और वादों को बेनकाब करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन साहू ने कांग्रेस की नीतियों को सदैव आमजन के हित में बताते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि कांग्रेस की योजनाओं और विचारों को गांव-गांव तक पहुँचाना प्राथमिकता होनी चाहिए, साथ ही भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लाना आवश्यक है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता जवाहर वर्मा ने कहा कि कांग्रेस समानता, न्याय और भाईचारे की विचारधारा पर आधारित पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भूपेश बघेल की विचारधारा को आगे बढ़ाने और भाजपा की नीतियों का मजबूती से जवाब देने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष एवं सरपंच खिलेश मारकंडे ने कहा कि सेलूद मंडल के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए कार्य कर रहे हैं और आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सेक्टर प्रभारी संजय यादव जी ने बूथ स्तर पर सुदृढ़ प्रबंधन को जीत की नींव बताते हुए कार्यकर्ताओं से अनुशासन और रणनीति के साथ कार्य करने की अपील की।
सेलूद ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मन्नु यदु ने कहा कि बूथ स्तर का संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनता से संवाद स्थापित करने और भाजपा की नीतियों की सच्चाई उजागर करने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व, उनकी जनकल्याणकारी नीतियों एवं संघर्षशील कार्यशैली की सराहना करते हुए कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
अंत में यह निष्कर्ष निकला कि यह बैठक संगठनात्मक मजबूती, रणनीतिक तैयारी और जनसंपर्क को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला बहनें एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








